देहरादून में बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या, पड़ोसियों ने एक आरोपी दबोचा

देहरादून में तिहरे हत्याकांड ने सनसनी मचा दी है। मंगलवार दोपहर घर में घुसे आरोपियों ने तीन लोगों की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी।

देहरादून,एजेंसी। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद भाग रहे एक आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (76) और नौकरानी शीला (45) मौजूद थीं। दोपहर करीब तीन बजे आरोपी के घर में दाखिल होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लूट के प्रयास के दौरान विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और नौकरानी पर हमला किया गया।
घटना के दौरान घर से शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के कारण और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटा रही है। बताया गया है कि मृतक दंपती का बेटा पुणे में नौकरी करता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button