ग्रेटर नोएडा में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 2.54 लाख के जाली नोटों के साथ तीन गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर की पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 100-100 रुपये के 2,549 जाली नोट बरामद किए हैं।

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट की थाना ईकोटेक-1 पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापकर उनकी सप्लाई करने वाले कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोलचक्कर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 रुपये के 2,549 जाली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों की कुल कीमत करीब 2.54 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बन्टी अत्री (23) निवासी पालर, थाना टप्पल, अलीगढ़, खुशदिल (21) और उपेंद्र कुमार (25) निवासी कसेरु, थाना चंडौस, अलीगढ़ के रूप में हुई है। कार्रवाई सोमवार, 5 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को नकली नोटों की छपाई में इस्तेमाल प्रिंटर, कटिंग मशीन, एक स्कॉर्पियो कार, चार मोबाइल फोन, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपी साधारण उपकरणों की मदद से नकली नोट तैयार कर उन्हें असली मुद्रा के बीच मिलाकर बाजार में चलाने की कोशिश करते थे।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्र के अनुसार, आरोपी नकली नोटों को गड्डियों के रूप में तैयार कर उनके ऊपर और नीचे असली नोट लगाते थे, ताकि पहली नजर में वे वास्तविक मुद्रा जैसे दिखाई दें। पुलिस के मुताबिक, इन गड्डियों को भीड़भाड़ वाले बाजारों, साप्ताहिक मंडियों और छोटे दुकानदारों के बीच खपाने की योजना थी।
पुलिस ने थाना ईकोटेक-1 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, अब तक बाजार में खपाए गए जाली नोटों की मात्रा और इसके नेटवर्क के दूसरे शहरों तक फैलाव का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button