6 लोगों की हत्या का दोषी वाजिद, तिहाड़ से 10 घंटे के पैरोल पर आया मेरठ, निकाह के बाद फिर पहुंचा जेल
दिल्ली की तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा 6 हत्या का दोषी वाजिद पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच मेरठ के दौराला क्षेत्र पहुंचा। कोर्ट आदेश पर 10 घंटे के पैरोल पर मेरठ आकर उसने निकाह किया।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे छह लोगों के हत्याकांड के दोषी वाजिद को सोमवार को 10 घंटे की पैरोल मिली। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच वह मेरठ के दौराला क्षेत्र स्थित अपने गांव पहुंचा, जहां उसने रिश्तेदारी में तय युवती से निकाह किया। निकाह की रस्म पूरी होते ही दिल्ली पुलिस उसे वापस तिहाड़ जेल लेकर रवाना हो गई। पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में दिनभर चर्चा बनी रही। जानकारी के अनुसार, करीब दस साल पहले दिल्ली के चर्चित मुस्लिम त्यागी परिवार हत्याकांड ने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली को हिला दिया था। इस मामले में वाजिद समेत कई आरोपियों पर एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या का आरोप साबित हुआ था। अदालत ने सुनवाई के बाद वाजिद को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद है।
बताया जाता है कि मृतक परिवार दिल्ली में फर्नीचर कारोबार से जुड़ा था, आरोप है कि वाजिद और उसके साथियों ने व्यापारी और उसके दो बेटों की हत्या कर शवों को दिल्ली स्थित फ्लैट में गड्ढा खोदकर दबा दिया था। इसके बाद व्यापारी की पत्नी और दो बेटियों को मुजफ्फरनगर की ओर ले जाकर रास्ते में हत्या कर दी गई थी। उनके शव मेरठ के दौराला क्षेत्र में काली नदी किनारे दफना दिए गए थे।
घटना के लगभग एक सप्ताह बाद दिल्ली पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली से तीन शव और दौराला क्षेत्र की काली नदी से तीन शव बरामद किए थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद मामला लंबे समय तक सुर्खियों में रहा। सोमवार को पैरोल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस वाजिद को लेकर मेरठ पहुंची। पहले उसे दौराला थाने लाया गया, जहां जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पुलिस टीम उसे गांव समौली अख्तियारपुर लेकर पहुंची। यहां जानी क्षेत्र के पावटी अफजलपुर निवासी नसीम अहमद अंसारी की बेटी यासमीन के साथ उसका निकाह कराया गया।
निकाह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रही। दिल्ली पुलिस के साथ स्थानीय दौराला थाना पुलिस भी पूरे समय तैनात रही। निकाह की रस्म सीमित लोगों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। सीओ दौराला प्रकाशचंद अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस कैदी को अदालत से मिली पैरोल के आधार पर मेरठ लेकर आई थी। तय समय के भीतर निकाह की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे वापस दिल्ली ले गई।



