फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं, लगेंगी लिफ्ट और एस्केलेटर
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री अब पटरियां पार करने के बजाय नए ओवरब्रिज पर लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ी का उपयोग कर सकेंगे।

फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश। रेलवे स्टेशन पर जान जोखिम में डालकर यात्री पटरियां पारकर दूसरे प्लेटफार्म पर जाते हैं, ओवरब्रिज का इस्तेमाल नहीं करते। जबकि आरपीएफ की ओर से आए दिन यात्रियों का चालान किया जाता है, माइक पर एनाउंसमेंट भी हो रहा है।
अब रेलवे ने दूसरे ओवरब्रिज में स्वचालित सीढ़ी के साथ लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया है। जिससे वरिष्ठ नागरिकों को प्लेटफॉर्मों पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने से सटा हुआ ओवरब्रिज बना है। जिससे सभी प्लेटफार्मों पर आवागमन हो सकता है। कई वर्ष पहले इस ओवरब्रिज को मालगोदाम से भी जोड़ दिया गया था। इसके बावजूद यात्री ओवरब्रिज का इस्तेमाल नहीं करते। पटरियां पारकर एक-दूसरे प्लेटफॉर्म पर आते-जाते हैं। अधिकतर यात्री तो टिकट लेने के बाद सीधे प्लेटफॉर्म से कूदकर दूसरे प्लेटफॉर्म पर चले जाते हैं। अगस्त 2022 में मैनपुरी निवासी महिला सरला देवी पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गई थीं। जिससे उनकी मौत हो गई थी।
फरवरी 2021 में एक साधु की प्लेटफॉर्म नंबर तीन की पटरी पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद यात्री मानने को तैयार नहीं हैं। इस वर्ष अप्रैल तक पटरी पार करने के मामले में करीब 300 यात्रियों का चालान भी किया जा चुका है। अब रेलवे नया ओवरब्रिज बनवा रही है। जिसमें स्वचालित सीढ़ी के साथ लिफ्ट भी लगाई जाएगी। जिससे वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से एक-दूसरे प्लेटफार्म पर आ-जा सकेंगे।
आरपीएफ थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि यात्रियों को लगातार सावधान किया जाता है कि वह ओवरब्रिज का इस्तेमाल करें। पटरी पार करने में कार्रवाई भी होती है, फिर भी कुछ यात्री नियमों का उल्लंघन करते हैं। नया ओवरब्रिज बनने के बाद इस समस्या से निजात मिल जाएगी।




