राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में नए राज्यपाल किये नियुक्त, दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इसमें सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड शामिल हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की है। इसके तहत सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के बाद भाजपा सिक्किम ने उनका स्वागत करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा सोमवार शाम नवनियुक्त राज्यपाल से मुलाकात करने लोकभवन पहुंचे। भाजपा सिक्किम ने उम्मीद जताई कि गौतम के मार्गदर्शन में राज्य में शांति, प्रगति और विकास को नई गति मिलेगी। पार्टी ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल जनता की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने और राज्य के विकास में सहायक साबित होगा।
दुष्यंत गौतम भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक एवं राजनीतिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वह राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर भाजपा सिक्किम ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से राज्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस बीच, भाजपा सिक्किम ने ओम प्रकाश माथुर के कार्यकाल के दौरान उनके मार्गदर्शन और सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। पार्टी ने राज्य की जनता के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि सिक्किम में उनके योगदान को सम्मान के साथ याद किया जाएगा। भाजपा ने केरल के राज्यपाल के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना भी की।
भाजपा सिक्किम की मीडिया सेल की ओर से जारी बयान में दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पार्टी ने दुष्यंत गौतम के सिक्किम के राज्यपाल के रूप में सफल कार्यकाल की उम्मीद जताते हुए कहा कि राज्य की शांति, विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा।




