भारतीय मूल के नेताओं पर गिरेगी गाज? अमेरिकी सांसद बोलीं- सिर्फ अमेरिका में जन्मे लोग ही संभालें सत्ता
दक्षिण कैरोलिना की कांग्रेसनल प्रतिनिधि नैन्सी मेस ने एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें केवल अमेरिका में जन्मे लोगों को ही सत्ता संभालने की मांग की गई है।

वाशिंगटन/एजेंसी। दक्षिण कैरोलिना से कांग्रेसनल प्रतिनिधि नैन्सी मेस की ओर से लाए गए एक प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है। डेमोक्रेट्स ने इसे घृणित और नस्लवाद से प्रेरित करार दिया। दरअसल, प्रस्ताव में नैन्सी ने मांग की है कि अमेरिका में जन्मे लोग ही सत्ता संभालें। इंटरनेट मीडिया पर बुधवार को एक पोस्ट में नैन्सी ने कहा कि उन्होंने संवैधानिक संशोधन के लिए ”लंबे समय से प्रतीक्षित संयुक्त प्रस्ताव” पेश किया है।उन्होंने कहा, ”यह वही मानक है जिसे राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को पहले से ही पूरा करना आवश्यक है।”
मेस ने अपने पोस्ट के साथ डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर, प्रमिला जयपाल और श्री थानेदार की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। जहां उमर एक सोमाली अमेरिकी है, वहीं जयपाल और थानेदार दोनों भारतीय मूल के हैं। मेस का यह कदम, हालांकि डेमोक्रेटिक सांसदों पर लक्षित है, लेकिन यह कुछ रिपब्लिकन सहित कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक सदस्यों को प्रभावित कर सकता है।
मेस ने मिनेसोटा के डेमोक्रेट उमर के संदर्भ में कहा, ”यह जटिल नहीं है। अमेरिका के कानून लिखने वाले, अमेरिका के न्यायाधीशों की पुष्टि करने वाले और विश्व मंच पर अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों की एक ही निष्ठा होनी चाहिए, अमेरिका। सोमालिया नहीं। कोई अन्य देश नहीं।”




