गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो आरोपित मुठभेड़ में ढेर, एक-एक लाख के थे इनामी
गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो मुख्य आरोपी जुबेर और समीर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गाजियाबाद ब्यूरो। एनएच-नौ पर छह मई को एटीएम कैश वैन से 27 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार रात वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर अहमद और समीर खान मारे गए। दोनों बदमाश प्रताप विहार सेक्टर 12 के रहने वाले थे और कैश वैन लूटकांड में फरार चल रहे थे। मौके से दो बदमाश फरार हो गए।
पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड के अनुसार छह मई को क्रासिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने फायरिंग कर कैश वैन से रुपये लूट लिए थे। मामले में क्रासिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में लूटी गई रकम 27 लाख रुपये सामने आई थी। इससे पहले 11 मई को पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आठ लाख छह हजार रुपये, बलेनो कार, तमंचा और कुल्हाड़ी बरामद की थी।
मंगलवार रात स्वाट टीम और वेव सिटी पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अन्य बदमाश सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में घूम रहे हैं। पुलिस ने डासना रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने कार रोकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। पीछा करने पर कार एक पेड़ से टकरा गई। जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में स्वाट प्रभारी अनिल राजपूत और वेव सिटी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में जुबैर और समीर घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौके से 9.10 लाख रुपये नकद, बिना नंबर की स्विफ्ट कार, दो पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस, बैग और सीसीटीवी डीवीआर बरामद हुआ है।पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने बताया कि कैश वैन लूटकांड में शामिल फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।



