गाजियाबाद में झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 125 से अधिक झोपड़ियां राख
कनावनी गांव में लगी आग से झुग्गियां और गोदाम जलकर नष्ट

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल 22 फायर टेंडर और नगर निगम के वाटर टैंकर मौके पर पहुंचे। गैस सिलेंडरों के विस्फोट और तेज लपटों के बीच घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर झुग्गी-झोपड़ियों की बस्ती में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने वैशाली, साहिबाबाद और कोतवाली फायर स्टेशन से फायर टेंडर रवाना किए। बाद में मोदीनगर, लोनी और गौतमबुद्ध नगर से भी फायर टेंडर बुलाए गए। मौके पर पहुंचकर पाया गया कि आग ने झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया है और घरेलू गैस सिलेंडरों में लगातार विस्फोट हो रहे हैं।
फायर सर्विस यूनिट्स ने हौज पाइप की लाइनें फैलाकर चारों ओर से पानी डालना शुरू किया। कुल 22 फायर टेंडरों, नगर निगम के हाई प्रेशर वाटर टैंकरों और टाटा स्टील साहिबाबाद व नॉर्थ इंडिया मॉल से पहुंचे तीन फायर टेंडरों की मदद से आग को दोपहर 2 बजे तक नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद टीन शेड के ढांचों के नीचे दबी आग को बुझाने और घटनास्थल पर कूलिंग का कार्य शुरू किया गया।
आग की विकरालता को देखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त, उपजिलाधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी इंदिरापुरम, फायर स्टेशन प्रभारी वैशाली, साहिबाबाद और लोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का निर्देशन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि संयुक्त टीमों ने रेस्क्यू और सर्च अभियान भी चलाया, जिससे किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 125 से अधिक झुग्गियां, कुछ स्क्रैप गोदाम और डॉग शेल्टर जलकर नष्ट हो गए। नुकसान का सही आकलन संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है। आग के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। शाम 4 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई थी, हालांकि घटनास्थल पर कूलिंग का कार्य जारी है।





