गोरखपुर में शिकायत करने पहुंची महिला को थाने में पीटा, एसएसपी ने 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला का आरोप है कि जब वह थाने में शिकायत लेकर पहुंची तो, उल्टा पुलिसकर्मियों ने मां सहित उसकी और उसके भाइयों की लात घूंसों से जमकर पिटाई की और शांति भंग में चालान कर दिया। थक हार कर पीड़ित महिला एसएसपी कौस्तुभ के पास पहुंची और अपनी आप बीती सुनाई, जिसके बाद एसएसपी के आदेश पर दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इस मामले की जांच एसपी साउथ ज्ञानेंद्र कुमार को सौंप गई है।
बेलघाट थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा ने थाने में तहरीर दी थी कि उसके पति की गैर मौजूदगी में पति के रिश्तेदारों ने पुरानी रंजिश को लेकर 29 अप्रैल की शाम घर में घुसकर मेरी पिटाई कर दी थी। इसकी शिकायत लेकर अपने भाइयों के साथ स्थानीय थाने पहुंची, जहां दरोगा द्वारा मेरे साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज की और अंदर ले जाकर अन्य पुलिसकर्मियों के साथ लात घूंडों से पिटाई की, इस दौरान भाई और मां ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी जमकर पीटा गया। जबकि मैं अपनी शिकायत दर्ज कराने थाने गई थी उल्टा हमें ही पुलिसकर्मियों द्वारा प्रताड़ित किया गया और शांति भंग में चालान करने के साथ ही हमें तहसील परिसर में अकेला छोड़कर पुलिस वापस लौट आई।
इस संदर्भ में महिला ने 2 मई को एसएसपी डाक्टर कौस्तुभ से लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। तत्पश्चात एसएसपी के निर्देश पर आरोपी दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच बैठा दी गई है। जिसकी जिम्मेदारी एसपी साउथ ज्ञानेंद्र कुमार को सौंप गई है। मामले में एसपी साउथ ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है की जांच की जिम्मेदारी मिली है, जल्द ही इसकी विवेचना कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपदी जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button