जालंधर में पुलिस-गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, कौशल चौधरी गैंग का शूटर घायल

मोहाली जिम मालिक हत्याकांड का है आरोपी

जालंधर/पंजाब। जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस और कुख्यात कौशल चौधरी गैंग के एक गुर्गे के बीच फोलड़ीवाल इलाके में देर शाम मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को घायल हालत में काबू कर लिया। घायल शूटर की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो कुछ दिन पहले मोहाली में हुए जिम मालिक के मर्डर केस में वांछित बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी आकाश पर मोहाली के अलावा जगरावां में भी फायरिंग की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। कमिश्नरेट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फोलड़ीवाल इलाके में छिपा हुआ है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने की कोशिश की, आरोपी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ राउंड फायरिंग के बाद आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा। अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार जारी है। मौके से हथियार भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की जानी बाकी है।
मोहाली में जिम मालिक की हत्या के बाद से ही यह मामला सुर्खियों में था और पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित साजिशों के बारे में जानकारी जुटाने की तैयारी में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button