कौशांबी में लव मैरिज के विवाद में युवक की हत्या के बाद बवाल, पुलिस से भिड़े ग्रामीण

कौशांबी के करारी में प्रेम विवाह विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। लड़की के परिवार पर हत्या का आरोप है।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। करारी कोतवाली के छोटा अडहरा गांव में दो परिवारों के बीच प्रेम विवाद को लेकर फैली नफरत रविवार की रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। प्रेम विवाह से खफा लड़की के स्वजन ने रविवार की देर रात प्रेमी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। धारदार हथियार से भी हमला किया गया। सरेराह हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो बवाल हो गया। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े स्वजन व ग्रामीण लाश उठने नहीं दे रहे थे। इसे लेकर पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई। बवाल की सूचना एएसपी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुचे और हल्का बल का प्रयोग कर हालात काबू में कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
छोटा अडहरा निवासी 30 वर्षीय भारत पुत्र छोटेलाल कुछ दिन पहले ही परदेश से लौटकर गांव आया था। रविवार की देर शाम वह गांव के बाहर टहल रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने घेरकर उसकी पिटाई की। कुल्हाड़ी से सिर पर कई प्रहार किए गए जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इससे गुस्साई भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी शिवांक सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौजूद लोगों को समझाने का प्रयास किया पर वह अपनी बात पर अड़े रहे। रात करीब साढे दस बजे एएसपी राजेश कुमार सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगे तो पुलिस पुलिस की ग्रामीणों व स्वजनों की धक्का-मुक्की भी हुई। इस पर पुलिस कर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। किसी तरह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के स्वजनों का कहना है कि आठ साल पहले भारत ने एक गैर बिरादरी की युवती से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर युवती के घर वाले रंजिश रख रहे थे। रविवार रात भारत को अकेला पाकर उसकी नृशंस हत्या कर दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button