कौशाम्बी में दो दिन पहले पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी हुआ गिरफ्तार

सचिन पांडेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के फरीदपुर (औधन) गांव में पूर्व प्रधान बादाम सिंह की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 28 मार्च की है, जब बादाम सिंह को उनकी डेयरी में गोली मार दी गई थी।
एसपी राजेश कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बुधराम पुत्र राम प्रसाद उर्फ मुसे निवासी औधन थाना पिपरी को डेयरी फार्म के पीछे जंगल से दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध तमंचा 12 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीन के एग्रीमेंट को लेकर बादाम सिंह से विवाद था। उसने सेवथा निवासी लोडर नामक व्यक्ति से अवैध तमंचा खरीदा था, जो पहले बादाम सिंह के यहां गाड़ी चलाता था और उनसे नाराज था। घटना वाले दिन बारिश के कारण आसपास कोई नहीं था। आरोपी ने रात में सोते समय बादाम सिंह को गोली मार दी और हथियार व कपड़े जंगल में छिपा दिए। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




