लकडापारा छात्रावास के रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य में गुणवत्ता पर उठे सवाल

शोभित शर्मा,खड़गवां/छत्तीसगढ़। विकास खंड खड़गवां के लकडापारा शासकीय छात्रावास में चल रहे रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा किए जा रहे कार्य में गुणवत्ता का अभाव साफ नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि छत दीवारों की मरम्मत कार्य और पुताई का कार्य बहुत ही घटिया किस्म का किया जा रहा है ठेकेदार के द्वारा कार्य अपने मनमाने ढंग से किया जा रहा है शाला में पदस्थ शिक्षकों के विरोध के बाद भी मरम्मत कार्य घटिया और गुणवत्ता विहीन किया जा रहा है। वहीं मरम्मत के नाम पर दरारों को केवल ऊपर-ऊपर से भर दिया गया है। खिड़की-दरवाजों की मरम्मत भी अधूरी बताई जा रही है। आरोप है कि निर्माण सामग्री निम्न स्तर की उपयोग की जा रही है, जिससे कार्य की टिकाऊपन पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि छात्रावास में छोटे बच्चे निवास करते हैं, ऐसे में भवन की मजबूती और सुरक्षित वातावरण अत्यंत आवश्यक है। घटिया कार्य के चलते भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि गुणवत्ता में कमी पाई जाए तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग उठाई जा रही है। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और छात्रावास में रह रहे बच्चों की सुरक्षा व सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button