अफ्रीकी देश कांगों में भयानक हादसा, 2 स्कूलों में आग लगने से 24 बच्चों की मौत, दर्जनों घायल
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगों में दो स्कूलों में लगी आग से कम से कम 24 बच्चों की मौत हो गई है। आग विद्रोहियों के कब्जे वाले बुकावु इलाके में लगी है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

किंशासा,एजेंसी। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगों में भयानक आग लगने से दो स्कूलों के कम से कम 24 बच्चों की मौत हो गई है। आग की घटना विद्रोहियों के कब्जे वाले बुकावु इलाके में हुई है। रिपोर्ट में कुछ वयस्कों की भी मौत होने होने की बात कही गई है। घनी आबादी इलाके में आग लगने से मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। बचे हुए लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया है। घटना स्थल से भयावह फुटेज सामने आए हैं, जिसमें बच्चे अस्पताल के फर्श पर कराहते दिख रहे हैं।
इलाके पर कब्जा रखने वाले विद्रोही गुट M23 ने बताया कि 24 लोगों की मौत हुई है। 29 लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है। आग लगने से करीब 300 घर जलकर खाक हो गए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आग लगने की वजह नहीं पता चल पाई है।
स्थानीय इलाके के प्रशासक मोसे लुबाला के अनुसार, आग एक घर में शुरू हुई और फिर पास के दो स्कूलों तक फैल गई। लुबाला ने बताया कि कई छात्र फुराहा सेकंडरी स्कूल के अंदर फंस गए थे और कुछ का दम घुटने लगा था। नर्स सिजा जीन-बैप्टिस्ट ने बताया कि फुराहा और उजामा प्राइमरी स्कूल के छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म में ही हेल्थ सेंटर ले जाया गया।
लुबाला ने कहा कि बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था, इसलिए कुछ छात्र खिड़कियों से कूदने लगे, जबकि कुछ दरवाजे की तरफ भागे। बाहर निकलने की अफरा-तफरी में छात्र एक-दूसरे से टकरा गए और पैरों तले कुचले गए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक चश्मदीद के हवाले से बताया कि गुरुवार दोपहर तक आग बुझा दी गई थी, लेकिन मलबे और टीन की चादरों से अभी भी धुआं उठ रहा था।
बुकावु शहर कांगो के साउथ किवु प्रांत की राजधानी है। यह देश के पहाड़ी इलाकों में बसे सबसे ज्यादा आबादी वाले शहरों में से एक है। पिछले साल फरवरी में यहां M23 विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया था। स्थानीय प्रशासक लुबाला ने बताया कि आग जहां लगी, वह घनी आबादी वाला इलाका है और वहां ज्यादातर घर लकड़ी के बने हैं।




