गणपति बप्पा के आगमन से पहले मुंबई में झमाझम बारिश, तैयारियों पर असर की आशंका
गणपति उत्सव के शुरुआती दो दिनों में पूरे महाराष्ट्र में बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। मुंबई और कल्याण-डोंबिवली इलाकों में अभी भारी बारिश हो रही है। इस बारिश का असर गणेशोत्सव की तैयारियों पर पड़ सकता है।

मुंबई,एजेंसी। गणपति बप्पा के आगमन में कुछ ही घंटे शेष हैं, लेकिन इससे पहले मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में तेज बारिश ने दस्तक दे दी है। मुंबई के साथ ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और वसई-विरार में रविवार से कई स्थानों पर लगातार बारिश हो रही है। लंबे समय तक बारिश का इंतजार करने के बाद हुई इस तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं गणेशोत्सव की अंतिम तैयारियों पर इसका असर पड़ने की आशंका भी बढ़ गई है।
गणेशोत्सव से एक दिन पहले मुंबई के बाजारों में अंतिम समय की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण बाजारों में खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शहर के निचले इलाकों में पानी जमा होने लगा है, जिससे सड़कों और गणपति पंडालों की सजावट प्रभावित होने की आशंका है।
कल्याण-डोंबिवली में भी करीब डेढ़ महीने के लंबे सूखे के बाद बारिश लौटी है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई है, हालांकि गणपति उत्सव की तैयारियों में जुटे लोगों के लिए यह बारिश चुनौती भी बन गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 सितंबर को महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। राज्य के 20 जिलों के लिए बारिश का नारंगी और पीला चेतावनी स्तर जारी किया गया है। 15 सितंबर से बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, पुणे, नासिक, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वसई-विरार क्षेत्र में भी रविवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। वसई, नालासोपारा और विरार के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए रविवार और सोमवार को पीली चेतावनी जारी करते हुए अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
इधर, गणेशोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है। बड़े सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों ने भगवान गणेश की प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। हजारों परिवार भी अपने घरों में बप्पा के स्वागत की अंतिम तैयारियों में जुटे हैं। बारिश के कारण प्रतिमाओं और सजावट के सामान को सुरक्षित रखने के लिए लोग प्लास्टिक और अन्य जलरोधी सामग्री का सहारा ले रहे हैं।
गणपति बप्पा के स्वागत का उत्साह और लगातार होती बारिश ने मुंबई तथा आसपास के क्षेत्रों में माहौल को उत्सव और चिंता के मिले-जुले रंग से भर दिया है। भक्तों को उम्मीद है कि बारिश के बीच भी बप्पा का स्वागत पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया जाएगा।




