ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान हथियार के साथ कॉन्स्टेबल की इंस्टाग्राम रील वायरल, दिल्ली पुलिस ने किया सस्पेंड

ब्रिक्स समिट की कड़ी सुरक्षा के बीच हथियार के साथ पुलिसकर्मी की रील वायरल, आइडेंटिटी कार्ड ने बढ़ाई चिंता। वीडियो सामने आते ही दिल्ली पुलिस ने कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू की, जबकि वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी हुई।

नई दिल्ली,एजेंसी। राजधानी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली पुलिस के एक सिपाही का हथियार के साथ सामाजिक माध्यम के लिए रील बनाना विवादों में आ गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी और सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वायरल वीडियो में संबंधित सिपाही ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का पहचान पत्र पहने हुए नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में सिपाही हथियार के साथ सामाजिक माध्यम के लिए रील बनाता दिखाई दे रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद सामाजिक माध्यम पर इसकी आलोचना शुरू हो गई। लोगों का कहना है कि जब राजधानी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ऐसे समय में ड्यूटी से संबंधित पहचान पत्र और हथियार के साथ इस तरह का वीडियो बनाना पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े करता है।
अधिकारियों के अनुसार संबंधित सिपाही दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले में तैनात है। वीडियो सामने आने के बाद उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के आधार पर सिपाही के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसे ड्यूटी से निलंबित किए जाने की संभावना भी जताई गई है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन के कार्यक्रमों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। विशिष्ट और अति विशिष्ट लोगों की आवाजाही के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर आम लोगों के लिए सार्वजनिक परामर्श भी जारी किया है।
पुलिस ने लोगों से संभावित यातायात दबाव से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस अड्डे जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।
विशिष्ट लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था के कारण शहर में कुछ व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, विशेषकर ऐसे वाहनों पर जिनका गंतव्य दिल्ली के भीतर नहीं है। हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को दिल्ली पुलिस ने मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार मेट्रो सेवा सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button