फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद फर्रुखाबाद के नीब करोरी धाम पर बढ़े श्रद्धालु

फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद फर्रुखाबाद के नीबकरोरी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या दोगुनी हो गई है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

फर्रुखाबाद,उत्तर प्रदेश। फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर लोगों में बढ़ती रुचि का असर अब बाबा नीबकरोरी धाम में भी दिखाई देने लगा है। सिनेमाघरों में फिल्म देखने के लिए भीड़ जुटने के साथ ही बाबा लक्ष्मणदास जी महाराज की तपस्थली और मंदिर में भी श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा दोगुनी हो गई है। मंगलवार को दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा नीबकरोरी धाम पहुंचते रहे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन कराया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने स्वयं व्यवस्था की कमान संभाली और श्रद्धालुओं की कतार लगवाई।
मंदिर में दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के महंत त्यागी जी महाराज ने बताया कि सामान्य मंगलवार की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या करीब दोगुनी रही। उनके अनुसार अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कारण धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की बात सामने आ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button