पाकिस्तान से भारत में घुसपैठ की कोशिश
सुरक्षाबलों ने राजाैरी में एक आंतकी को मारा गिराया, दूसरे की तलाश जारी

जम्मू/एजेंसी। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर घुसपैठ की कोशिश सामने आई है। सीमा पार से हुई घुसपैठ की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। सेना की अगुवाई में हुई कार्रवाई में राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एलओसी पर एक आंतकी मारा गया है। वहां पर सर्च ऑपरेशन को जारी रखा गया है। बताया जा रहा है की उसका एक साथी अभी है। अतिरिक्त टीमों को लगाया गया है। यह पूरी कार्रवाई सेना ने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ खुफिया इनपुट के बाद विशेष अलर्ट में की। घुसपैठ की यह कोशिश ऐसे वक्त पर सामने आई है जब अगले महीने पहलगाम आतंकी हमले का एक साल पूरा होगा। पहलगाम हमले में भी सीमापार से आतंकी आए थे।
जानकारी के अनुसार राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ की एक कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। एक पाकिस्तान समर्थित आतंकी मारा गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार खुफिया एजेंसियों से मिले विश्वसनीय इनपुट के आधार पर मंगलवार को नौशेरा के झांगर इलाके में एलओसी के पास दो आतंकियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। इसके बाद सतर्क सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में ऑपरेशन शुरू किया।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान एक आतंकी मारा गया, जिससे एलओसी पर किसी भी तरह की घुसपैठ को सफल होने से रोक दिया गया। सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और दूसरे आतंकी की तलाश की जा रही है। सेना ने पूरे सेक्टर में निगरानी बढ़ा दी है और जमीनी तथा हवाई निगरानी के जरिए इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




