3 बच्चों के पिता का 5 बच्चों की मां पर आया दिल, प्रेम प्रसंग में शादी को लेकर सदर अस्पताल में मारपीट
बिहार के औरंगाबाद में 3 बच्चों के बाप का दिल 5 बच्चों की मां पर आ गया। दोनों शादी रचाने भी निकल गए। लेकिन इसके बाद जो बवाल पसरा उसे सुलझाने के लिए पुलिस को बीच में आना पड़ा।

औरंगाबाद/बिहार। शहर के सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के समीप मंगलवार को प्रेम प्रसंग में शादी करने के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। प्रेमी के परिजनों पर प्रेमिका और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
मामले की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस के साथ डायल 112 की टीम भी सदर अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की।
बताया गया कि मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार, एक व्यक्ति पहले से विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि वह पत्नी और बच्चों को छोड़कर पांच बच्चों की मां दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी कर रहा था।
शादी की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी थी। घायल युवक कथित तौर पर अदालत से आवश्यक कागजात बनवाने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि परिजन लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और प्रेमिका के साथ आए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक अपनी कमाई से खरीदे गए सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र और चेन आदि दूसरी महिला को दे रहा है। इन आभूषणों को परिवार की भतीजी के लिए बनवाए जाने का दावा भी परिजनों ने किया है।
एक महिला परिजन ने बताया कि युवक पत्नी और तीन बच्चों को छोड़कर शादी के लिए अदालत से कागजात तैयार कराने गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेज दिया गया है। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।



