बनगवां में 27 अगस्त को सजेगा सावन का शाही दरबार, चुनी जाएगी नगर की नई ‘सावन सुंदरी’
बनगवां में 27 अगस्त को मधुवन क्लब में सावन सुंदरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद के सभी वार्डों से महिलाएं और बालिकाएं इसमें भाग लेंगी। सावन सुंदरी प्रतियोगिता में पारंपरिक वेशभूषा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मंच प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन होगा।

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। नगर परिषद बनगवां की ओर से सावन के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मंच देने के लिए 27 अगस्त को भव्य ‘सावन सुंदरी महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम मधुवन क्लब में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं और महिलाओं व बालिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अर्चना जायसवाल होंगी। उनके सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। नगर परिषद के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘सावन सुंदरी प्रतियोगिता’ होगी। इसमें प्रतिभागियों का मूल्यांकन पारंपरिक वेशभूषा, श्रृंगार, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मंच प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं को आकर्षक शील्ड देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजन की खास बात यह होगी कि इसकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर परिषद की महिला पार्षद संभालेंगी। मंच संचालन, प्रतिभागियों के समन्वय, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं में महिला जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका रहेगी। इसके माध्यम से महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का संदेश भी दिया जाएगा।
महोत्सव में सावन गीत, पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नगर परिषद ने सभी वार्डों की महिलाओं और बालिकाओं से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।
नगर परिषद के इस आयोजन के चलते 27 अगस्त को मधुवन क्लब सावन के रंग और महिला प्रतिभाओं से सराबोर नजर आएगा। इसी मंच पर प्रतियोगिता के माध्यम से बनगवां की नई ‘सावन सुंदरी’ का चयन किया जाएगा, जो इस वर्ष के महोत्सव की प्रमुख पहचान बनेगी।




