तीन बच्चों की मां ने छह बच्चों के पिता से किया निकाह, पंचायत ने दी सामाजिक मंजूरी

मुरादाबाद में तीन बच्चों की मां ने छह बच्चों के पिता के साथ निकाह कर लिया। पहले चोरी छिपे कोर्ट मैरिज की थी। जिसे अब गांव की पंचायत ने सामाजिक मंजूरी दे दी है

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। भोजपुर थाना क्षेत्र के रानी नागल गांव में तीन बच्चों की मां तबस्सुम ने छह बच्चों के पिता मोहम्मद उमर से निकाह कर लिया। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। सामाजिक बंदिशों के चलते दोनों ने पहले परिजनों से बिना बताए निकाह और बाद में कोर्ट मैरिज की थी। जानकारी सामने आने के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। पंचायत के बाद इस रिश्ते को सामाजिक स्वीकृति मिलने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तबस्सुम के पति रियाजुल की करीब पांच वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद तबस्सुम अपने तीन बच्चों के साथ ससुराल में रहकर उनका पालन-पोषण कर रही थी। इसी दौरान करीब तीन वर्ष पहले उसकी मुलाकात सिरसवां दौराहा क्षेत्र में मोहम्मद उमर से हुई। उमर कोरबांकू गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और पेशे से वाहन मैकेनिक हैं। उनके छह बच्चे हैं।
बताया गया कि मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। संबंध प्रेम में बदलने के बाद दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना कलियर शरीफ में निकाह कर लिया। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज की कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी कर लीं।
जब इस विवाह की जानकारी तबस्सुम के ससुराल पक्ष और गांव के अन्य लोगों को हुई तो मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों ने स्पष्ट रूप से साथ रहने की इच्छा जताई।
बताया जा रहा है कि पंचायत के बाद तबस्सुम को उसके बच्चों और गृहस्थी के सामान के साथ मोहम्मद उमर के साथ भेज दिया गया। तबस्सुम के देवर ने पंचायत में कहा कि परिवार ने उसे अपनी ओर से खुशी से रखा था, लेकिन अब वह अपनी इच्छा से दूसरे व्यक्ति के साथ जाना चाहती है तो परिवार को कोई आपत्ति नहीं है।
ससुराल पक्ष की ओर से भविष्य में तबस्सुम के साथ किसी तरह के रिश्ते अथवा जिम्मेदारी से भी इनकार किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, दोनों के निकाह और पंचायत के फैसले को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button