संत प्रेमानंद महराज के लिए ऐसा प्रेम!… मिलने को दंडवत यात्रा करते हुए वृंदावन पहुंचेगा मोनू

मैनपुरी/उत्तर प्रदेश। कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी युवक मोनू पाल की आस्था और श्रद्धा इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन की लालसा में वह दंडवत यात्रा पर निकल पड़े हैं। 29 अक्टूबर को छिबरामऊ से शुरू हुई यह विशेष यात्रा अब 18 दिन पार कर चुकी है और रविवार को मोनू पाल मैनपुरी पहुंचे।
मैनपुरी पहुंचते ही उनके रिश्तेदारों ने मोनू का फूल माला पहनाकर स्वागत किया और उनके साथ पैदल नगर से गुजरते समय साथ चल रहे थे। युवक का कहना है कि वह इससे पहले कई बार वृंदावन जाकर संत प्रेमानंद महाराज से मिलने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन हर बार या तो भीड़ अधिक होने या समय न मिल पाने की वजह से उनसे दर्शन नहीं हो पाए।
मोनू की इसी गहरी इच्छा ने उन्हें यह कठोर तपस्यापूर्ण मार्ग चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संकल्प लिया है कि इस बार वह दंडवत करते हुए ही वृंदावन पहुंचेंगे और तभी संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करेंगे। उनका विश्वास है कि उनकी यह निरंतर साधना और श्रद्धा अवश्य रंग लाएगी और उन्हें संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की आस्था कम ही देखने को मिलती है। रास्ते भर लोग उन्हें भोजन, पानी और आराम के स्थान उपलब्ध कराने में मदद कर रहे हैं। मोनू पाल अब आगे की यात्रा के लिए मैनपुरी से आगे वृंदावन की ओर बढ़ चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button