नवजात बच्चे ने कर दिया पेशाब, तो सरकारी अस्पताल प्रबंधन ने मां से लगवाया पोछा

सतना/मध्य प्रदेश। सतना जिले के सरकारी अस्पताल सरदार वल्लभ भाई पटेल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। जहां एक महिला को वार्ड का फर्श साफ करने के लिए मजबूर किया गया। महिला की गोद में दूधमुंहा बच्चा भी था। जह यह घटना हुई उस समय अस्पताल की सफाईकर्मी वहीं खड़ी होकर तमाशा देखती रही। मामले का वीडियो भी वायरल हुआ है।
दरअसल, जिला अस्पताल के शिशु वार्ड क्रमांक-8 में रेहुंटा निवासी जिज्ञासा यादव अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए आई थी। इसी दौरान उनके बच्चे ने फर्श पर पेशाब कर दिया। जिसके बाद वहां पर मौजूद महिला सफाईकर्मी ने जिज्ञासा को फर्श साफ करने के लिए मजबूर किया और जमकर फटकार लगाई। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
सफाई कर्मी की फटकार के बाद जिज्ञासा गोद में अपने मासूम बच्चे को लिए हुए मजबूरन सफाई करती हुई दिखाई दी। इस बेहद अपमानजनक घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य लोग भी मूकदर्शक बने रहे। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इस शर्मनाक घटना पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो आरोपी सफाईकर्मी पर कोई अनुशासनात्मक कदम उठाया गया है। इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया है। इस मामले पर सतना सीएमएचओ डॉ. एल.के. तिवारी ने नवभारत टाइम्स.कॉम से बातचीत के दौरान बताया कि वे सिविल सर्जन से पूरी जानकारी लेकर प्रतिवेदन मंगाएंगे। साथ ही मामले की वस्तुस्थिति से अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




