गुरुग्राम में इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान
पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 93 में 5 हजार के इनामी बदमाश नितिन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई।

गुरुग्राम। पुलिस ने सेक्टर 93 इलाके में 5 हजार के इनामी बदमाश काे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पालम विहार की क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस बीच पुलिस और बदमाश के बीच कुल 7 राउंड हुए फायरिंग हुई। आरोपित बदमाश ने खुद को पुलिस की पकड़ से बचाने के लिए 4 राउंड फायर क्राइम ब्रांच की टीम पर किए।
इसके जवाब में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। इस बीच अपराधी की ओर से चलाई गई एक गोली क्राइम ब्रांच की टीम के सदस्य की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी बदमाश की पहचान 23 वर्षीय झज्जर निवासी नितिन के रूप में हुई है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट ,डकैती, किडनेपिंग, और आर्म्स एक्ट जैसे 17 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल, वह गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में हुए अपहरण के मामले में फरार चल रहा था। अपहरण के मामले में आरोपी पर पांच हजार का इनाम भी रखा गया था। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार आरोपित बदमाश चोरी की बाइक से सेक्टर 93 इलाके से गुजर रहा था। इसी बीच पुलिस की उस पर नजर पड़ी। आरोपित के पास से बाइक और हथियार भी बरामद किया गया है।




