यमुना ने धारण किया रौद्र रूप, हथिनीकुंड बैराज के खोलने पड़े गेट, दिल्ली, यूपी और हरियाणा में बाढ़ का खतरा

यमुनानगर/हरियाणा। उत्तर भारत में आसमान से आफ़त बरस रही है और अब यमुना भी रौद्र रूप धारण कर चुकी है। हरियाणा से लेकर दिल्ली तक खतरे की घंटियां बज चुकी हैं। हथिनी कुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद अब बाढ़ का खतरा बेहद करीब आ गया है। दिल्ली समेत कई इलाकों में अगले 48 घंटे बेहद भारी साबित हो सकते हैं।
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज में सुबह 4 बजे से जलस्तर बढ़ने लगा था। जो तेजी से 2 लाख 40 हजार क्यूसेक के आंकड़े को छूने लगा। बता दें कि 2 लाख 50 हजार क्यूसेक पर यमुना के खतरे का निशान निर्धारित किया गया है और इस वक्त यमुना 2 लाख 40 हजार क्यूसेक को पार कर रही है। सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर ने बताया कि जिस तरीके से यमुना की कैचमेंट बेल्ट में लगातार बारिश हो रही है और पांवटा साहिब से जो रिपोर्ट मिल रही है उसके हिसाब से आने वाले कई घंटे तक यही स्थिति बनी रहने की आशंका है।
सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर आर एस मित्तल का कहना है कि अढ़ाई लाख क्यूसेक के बाद यमुना को हाई फ्लड कैटेगरी में रखा जाता है। यानी कि अब खतरा सिर चढ़कर बोल रहा है। नहरों की सप्लाई बंद कर दी गई है और पूरा का पूरा पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है। सीधे असर की चपेट में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिले आएंग। 48 घंटे बाद दिल्ली प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button