शाही अंदाज में एक-दूजे के हुए जम्मू कश्मीर के राजकुमार मार्तंड सिंह और रिया बादल, आशीर्वाद देने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

जम्मू- कश्मीर के राजकुमार मार्तंड सिंह ने पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया बादल से शादी कर ली है। जिनके वेडिंग फंक्शन में पीएम नरेंद्र मोदी भी उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे। जहां लाल लहंगे में दुल्हनिया का शाही अंदाज देखते ही बना और वह एकदम राजकुमारी वाले ठाठ- बाट दिखा गईं।

नई दिल्ली,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के शाही परिवार में बुधवार को एक भव्य विवाह समारोह आयोजित हुआ, जिसमें राजपरिवार के वंशज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. कर्ण सिंह के पौत्र राजकुमार मार्तंड सिंह पंजाब के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया बादल के साथ विवाह बंधन में बंध गए। इस शाही शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। प्रधानमंत्री की मौजूदगी और समारोह की तस्वीरें सामने आने के बाद यह विवाह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। खासतौर पर दुल्हन रिया बादल के पारंपरिक लाल लहंगे और राजसी अंदाज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

राजकुमार मार्तंड सिंह, युवराज विक्रमादित्य सिंह और युवरानी चित्रांगदा राजे के पुत्र तथा डॉ. कर्ण सिंह के पौत्र हैं। इसी वजह से इस विवाह को लेकर पहले से ही लोगों में खास उत्सुकता थी। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी सहित कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया। प्रधानमंत्री सफेद कुर्ता, चूड़ीदार और हाफ जैकेट में पहुंचे, जबकि विवाह समारोह में शामिल परिवार के सदस्य और मेहमान पारंपरिक एवं भव्य परिधानों में नजर आए।

दुल्हन रिया बादल ने अपने विवाह के लिए भारी कढ़ाई वाला लाल रंग का लहंगा चुना। लहंगे पर सुनहरे धागों से पारंपरिक फूलों, बेल-बूटों और बारीक आकृतियों की कारीगरी की गई थी। इसका घेर और बारीक कढ़ाई उनके परिधान को भव्य रूप दे रही थी। इसके साथ उन्होंने डीप नेकलाइन वाला हैवी एम्बेलिश्ड ब्लाउज पहना, जिसकी छोटी आस्तीन और किनारों पर लाल मोतियों की सजावट लहंगे के साथ खूबसूरती से मेल खा रही थी।

रिया ने अपने ब्राइडल लुक को दो दुपट्टों के साथ पूरा किया। हल्के दुपट्टे को उन्होंने सिर पर घूंघट की तरह सजाया, जिसके किनारों पर सुनहरी सेक्विन और स्टोन वर्क किया गया था। दूसरे दुपट्टे को प्लीटेड अंदाज में ड्रेप किया गया, जिसके बॉर्डर पर लाल मोतियों की लटकन और छोटी-छोटी फूलों की बूटियां आकर्षण बढ़ा रही थीं।

दुल्हन की पारंपरिक ज्वेलरी भी उनके शाही लुक का अहम हिस्सा रही। रिया ने भारी हार, मांग टीका, नथ और मैचिंग झुमके पहने। हाथों में लाल और सुनहरी चूड़ियों के साथ कलीरे उनके पारंपरिक ब्राइडल अंदाज को पूरा कर रहे थे। लाल और सुनहरे रंग के मेल ने उनके पूरे परिधान को एक खास राजसी पहचान दी।

वहीं, दूल्हे राजकुमार मार्तंड सिंह ने भी लाल और सुनहरे रंग की शाही शेरवानी पहनी। बंदगले वाली शेरवानी के ऊपरी हिस्से में लाल रंग और निचले हिस्से में सुनहरी कारीगरी का संयोजन नजर आया। परिधान पर ज्यामितीय और पारंपरिक फूलों के डिजाइन बनाए गए थे। इसके साथ उन्होंने चूड़ीदार और मैचिंग स्टोल पहना। लाल पगड़ी, सफेद पंख वाली कलगी और गले में मोतियों की कई परतों वाली माला ने उनके शाही पहनावे को खास अंदाज दिया।

राजकुमार मार्तंड सिंह और रिया बादल की शादी में पारंपरिक भारतीय परिधानों और राजसी ठाठ-बाट का खूबसूरत संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और नवविवाहित जोड़े के आकर्षक परिधानों ने इस समारोह को खास बना दिया। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद रिया के लाल ब्राइडल लहंगे और मार्तंड सिंह के शाही पहनावे की खूब चर्चा हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button