मदद के लिए ऑटो में एसडीएम ने लगाया ‘धक्का’, पता चलते ही हाथ जोड़कर आया ड्राइवर

इंदौर/मध्य प्रदेश। एमपी में एक एसडीएम साहब द्वारा लोडिंग ऑटो में धक्का लगाने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वे खरगोन जिले में पदस्थ हैं और रविवार को परिवार से मिलने इंदौर आए थे। रास्ते में उन्हें एक ऑटो वाला मदद मांगते नजर आया तो वे बाकी लोगों के साथ उसके ऑटो में धक्का लगाने लगे।
खरगोन के बड़वाह में पदस्थ एसडीएम सत्यनारायण दर्रे की लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। दरअसल इंदौर में उन्होंने एक ऑटो वाले की मदद करने के लिए लोडिंग वाहन को धक्का लगाकर घाट तक चढ़वा दिया। इस दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया। जब ऑटो ड्राइवर को पता चला किया उसके वाहन को और कोई नहीं बल्कि एसडीएम धक्का लगा रहे थे, तो वह पानी-पानी हो गया और हाथ जोड़े दौड़कर आया और आभार जताया। प्रशासनिक अधिकारियों को अक्सर कड़क और सख्त छवि का माना जाता है। लेकिन कभी-कभी कोई अधिकारी ऐसा काम कर देते हैं कि लोग तारीफ करे बगैर नहीं रह सकते। इंदौर की सड़क पर रविवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दरअसल खरगोन के बड़वाह में पदस्थ एसडीएम सत्यनारायण दर्रे का परिवार इंदौर में रहता है। वे रविवार की छुट्टी के कारण परिवार से मिलने आए थे। रास्ते में गुजरते हुए उन्हें एक लोडिंग ऑटो रिक्शा दिखा, जिसमें सामान भरा था और वह सड़क पर बंद हो गया था। उसका ड्राइवर हाथ जोड़कर लोगों से मदद मांग रहा था।
एसडीएम सत्यनारायण दर्रे ने मदद मांगते व्यक्ति को देखा तो वे अपनी गाड़ी से उतरे और बाकी लोगों के साथ बंद ऑटो में धक्का लगाने लगे। इसी दौरान संभवत: उनके ड्राइवर या अन्य परिचित व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। जब ऑटो चढ़ाई पर पहुंचकर किनारे खड़ा हो गया तो किसी ने ड्राइवर को बताया कि एसडीएम खुद तुम्हारे ऑटो में धक्का लगा रहे थे। तो वह अवाक रह गया।
ऑटो ड्राइवर स्टेयरिंग छोड़कर सीधे हाथ जोड़कर एसडीएम दर्रे के पास पहुंचा और उनका आभार व्यक्त करने लगा। एसडीएम ने भी हाथ जोड़कर उसको रवाना किया। बता दें कि वे इसके पहले भी सुर्खियों में आ चुके हैं। कुछ दिनों पहले बड़वाह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वे खुद जेसीबी मशीन पर बैठकर निर्देश देते नजर आए थे। उस वक्त भी उनका वीडियो खूब वायरल हुआ था।





