यमुना एक्सप्रेस वे से सीधे जुड़ेंगे बांके बिहारी सहित ब्रज के मंदिर
नोएडा,(उत्तर प्रदेश)। यमुना एक्सप्रेस वे से मथुरा के द्वारिकाधीश व बांके बिहारी मंदिर तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के लिए व्यावहारिकता रिपोर्ट तैयार होगी। सौ मीटर चौड़ी सड़क से सीधे मंदिर तक पहुंचा जा सकेगा। सड़क कनेक्टिविटी के साथ पार्किग स्थल भी तैयार होंगे।राया हेरिटेज सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रही कोल्डवेल बैंकर्स रिचर्ड एलिस (सीबीआरई) साउथ एशिया प्रा. लि. को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार करने के यमुना प्राधिकरण ने निर्देश दिए हैं। यमुना प्राधिकरण के फेज दो में शामिल राया हेरिटेज सिटी की डीपीआर तैयार कराई जा रही है। प्राधिकरण कार्यालय में सोमवार को हेरिटेज सिटी की डीपीआर को लेकर सीबीआरई के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतीकरण दिया। एजेंसी ने मायापुर सिटी, आरोविले आदि का अध्ययन किया है। हेरिटेज सिटी में पर्यटन, आध्यात्मिक के अलावा व्यावसायिक गतिविधियां होंगी। श्रीकृष्ण के जीवन को दर्शाते गांव, सांस्कृतिक केंद्र, योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, थीम आधारित हेरिटेज केंद्र, म्युजियम, एम्फी थियेटर, हाट, स्थानीय कला के लिए केंद्र, होटल आदि होंगे।सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि हेरिटेज सिटी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। ब्रज क्षेत्र में आने वालों को पर्यटन के लिए नया विकल्प मिलेगा। साथ ही उन्हें ब्रज क्षेत्र की प्राचीन, समृद्ध परंपरा को करीब से जानने समझाने का मौका मिलेगा। प्रस्तुतीकरण के दौरान दिए गए सुझावों को शामिल करते जल्द डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।