दयालपुर में नाबालिग से रेप और हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
Police arrested the accused of rape and murder of a minor in Dayalpur after an encounter

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में नाबालिग के साथ रेप और हत्या के आरोपी को वेलकम इलाके में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। वह टॉइलेट करने के बहाने से कॉन्स्टेबल अमित मान पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। फिर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिसवालों ने उसे रुकने के लिए कहा। लेकिन वह नहीं माना तब उसके पैर में गोली मार उसे पकड़ लिया गया। घायल कॉन्स्टेबल अमित को जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी ने बताया कि 7 जून की रात 8:41 बजे दयालपुर पुलिस को एक नाबालिग लड़की के साथ रेप और हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि लड़की को बेहोशी की हालत में पहले ही उनके पिता जेपीसी अस्पताल ले गए थे। लेकिन डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर चोटें देखीं और सेक्सुअल असॉल्ट का संदेह जताया। इस दौरान क्राइम और एफएसएल टीमों को मौके का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए, संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी के मदद से आरोपी को हापुड़-बुलंदशहर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा था। जब पुलिसवाले उसे वेलकम के झील पार्क इलाके में पहुंचे तो आरोपी ने टॉइलेट करने के लिए कहा। तभी आरोपी ने अपने कपड़ों में छिपा हुआ चाकू निकालकर कॉन्स्टेबल अमित मान पर दो बार वार किया, वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया।
आरोपी के भागने और पुलिस पर हमला होते देख एसआई कौशिक घोष ने उसे चेतावनी देते हुए रुकने को कहा। हवाई फायरिंग भी की। लेकिन आरोपी चेतावनी को अनसुना करते हुए भागने लगा। तब एसआई कौशिक घोष ने एक गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या और यौन शोषण के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।




