आजमगढ़ में दरोगा पर प्रेम प्रसंग का आरोप, ग्रामीणों ने महिला के घर से पकड़कर किया पुलिस के हवाले

आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में एक सब-इंस्पेक्टर पर प्रेम प्रसंग को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने दरोगा को एक महिला के घर से पकड़कर यूपी-112 पुलिस को सौंपा।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) पर प्रेम प्रसंग को लेकर गंभीर आरोप लगने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने दरोगा को एक महिला के घर से पकड़कर यूपी-112 पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन बाद में चौकी पहुंचने पर उसके वहां न मिलने से आक्रोश फैल गया और लोगों ने हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित दरोगा अल्ताफ खान पहले पल्हना चौकी पर तैनात थे। इसी दौरान उनका जमुई गांव आना-जाना शुरू हुआ और गांव की एक महिला से परिचय हो गया। आरोप है कि महिला का पति दिव्यांग है और दरोगा अक्सर देर रात उसके घर आते-जाते थे। बताया जा रहा है कि बाद में उनका तबादला जहानागंज थाने में हो गया, लेकिन इसके बावजूद गांव में उनका आना-जाना जारी रहा।
बताया जाता है कि 6 जुलाई की देर रात ग्रामीणों ने दरोगा को महिला के घर से पकड़ लिया और तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरोगा को अपने साथ लेकर पल्हना चौकी चली गई। हालांकि, जब ग्रामीण चौकी पहुंचे तो वहां दरोगा के नहीं मिलने पर लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button