कानपुर के नेता अजय कपूर ने दिखाई ताकत, छह कांग्रेसी और निर्दलीय पार्षदों ने थामा बीजेपी का दामन

कानपुर/उत्तर प्रदेश। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाने का सिलसिला लगातार जारी है। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व विधायक अजय कपूर ने अपनी ताकत दिखाई है। अजय कपूर खेमे के छह कांग्रेसी और निर्दलीय पार्षदों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो गए। लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी को बीजेपी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस पार्टी से तीन बार के विधायक रह चुके अजय कपूर ने बीते महीने दिल्ली में बीजेपी जॉइन किया था। बीजेपी में शामिल होते ही इस बात के कयास लगाए जाने लगे थे कि अजय कपूर खेमे के सभी पार्षद जल्द ही कांग्रेस पार्टी छोड़ देंगे। सोमवार को छह पार्षद समेत कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिसमें पार्षद शालू कनौजिया, पार्षद अंजली दीक्षित, पार्षद सरोज चढ्ढा, पार्षद अमित जायसवाल, पार्षद अनिल यादव, पार्षद सुधीर यादव शामिल हैं।
निकाय चुनाव 2023 में वार्ड—14 से शालू कनौजिया पार्षद का चुनाव जीती थीं। इससे पहले इनके पति सुनील कनौजिया भी दो बार पार्षद रह चुके हैं। सुनील कनौजिया एक बार कांग्रेस की टिकट से पार्षद चुने गए थे। वहीं, दूसरी बार निर्दलीय चुनाव लड़े थे। लेकिन 2023 में महिला सीट होने की वजह से इनकी पत्नी शालू कनौजिया को कांग्रेस से टिकट भी अजय कपूर ने दिलाई थी।




