मुजफ्फरनगर में शादी के अगले दिन ही गहने समेटकर भागी ‘लुटेरी दुल्हन’, मोटी रकम लेकर जोड़ा था रिश्ता
मुजफ्फरनगर में पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर सोनाक्षी, उसकी मां कामिनी और बिचौलिया महिला आशा को गिरफ्तार कर ज्वैलरी बरामद कर ली।

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। यूपी के मुजफ्फरनगर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने फिल्म ‘डॉली की डोली’ की कहानी को हकीकत में बदल दिया। यहां एक लुटेरी दुल्हन ने शादी के अगले ही दिन ससुराल से लाखों के जेवर समेटे और फरार हो गई। पुलिस ने सतकर्ता दिखाते हुए दुल्हन, उसकी मां और रिश्ते की बिचौलिया महिला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है।
छपार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मांगेराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात घुमावटी गांव निवासी रविंद्र से हुई थी। रविंद्र ने उसके बेटे के लिए सोनाक्षी नाम की युवती का रिश्ता बताया। परिवार को युवती पसंद आई और शादी तय हो गई। आरोप है कि रिश्ता तय कराने के नाम पर मोटी रकम भी ली गई थी।
10 मई को हरिद्वार के एक मैरिज होम में दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई। शादी में दुल्हन को सोने-चांदी के जेवर भी दिए गए। लेकिन शादी के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। जब परिवार ने तलाश शुरू की तो पता चला कि घर में रखी ज्वेलरी भी साथ ले गई है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
छपार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में कथित लुटेरी दुल्हन सोनाक्षी, उसकी मां कामिनी और बिचौलिया महिला आशा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ऐसे परिवारों को निशाना बनाता था जिनके बेटों की शादी उम्र अधिक होने या अन्य कारणों से नहीं हो पा रही थी। गैंग पहले भरोसा जीतकर शादी तय कराता था और फिर शादी के एक-दो दिन बाद दुल्हन जेवर लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गैंग ने अब तक कितने परिवारों को अपना शिकार बनाया है।




