दिल्ली में खुले गार्बेज कैफे,प्लास्टिक साथ लाने पर मिल रहे समोसे और गुलाब जामुन!

नई दिल्ली। एमसीडी के साउथ जोन ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की तर्ज पर साउथ दिल्ली को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए गार्बेज कैफे की शुरुआत की है। साउथ दिल्ली में हौजखास, ग्रीन पार्क, सीआर पार्क, ग्रेटर कैलाश सहित 21 जगहों पर गार्बेज कैफे शुरू किए गए हैं। यहां कोई भी प्लास्टिक वेस्ट देकर गुलाब जामुन, समोसे या थाली का स्वाद चख सकता है। 20 फरवरी से शुरू इन गार्बेज कैफे के माध्यम से एमसीडी ने अब तक 467 किलोग्राम प्लास्टिक वेस्ट कलेक्ट किया है। डॉ. संजय सिन्हा और पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर कुलदीप रणा के नेतृत्व गार्बेज कैफे की शुरुआत की गई है।
जोनल अफसरों के अनुसार दिल्ली में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध है, लेकिन अभी भी इनका इस्तेमाल हो रहा है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। इसलिए 21 जगहों पर गार्बेज कैफे खोले गए हैं। इनके माध्यम से 45 दिनों में 467 किलोग्राम प्लास्टिक वेस्ट कलेक्ट किया गया है। सिर्फ प्लास्टिक वेस्ट ही नहीं, डेंगू मच्छरों से बचाव के लिए भी वर्ल्ड हेल्थ-डे पर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत वसंत विहार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एमसीडी एमएचओ डॉ. एलआर वर्मा, डिप्टी हेल्थ अफसर संजय सिन्हा और पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर कुलदीप राणा मौजूद रहे। अफसरों ने कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे इस अभियान के सूत्रधार हैं। इनके माध्यम से ही अभियान को घर-घर पहुंचाया जाएगा।

कहां कितने गार्बेज कैफे
➤हौज खास 3
➤मालवीय नगर 2
➤ग्रीन पार्क 4
➤मुनिरका 2
➤आरके पुरम 2
➤वसंत विहार 1
➤लाडो सराय 1
➤महरौली 1
➤वसंत कुंज 1
➤भाटी माइंस 1
➤छतरपुर 1
➤ग्रेटर कैलाश 1
➤देवली 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button