जैसलमेर में दबंग आईपीएस की एंट्री! सलमान खान,आसाराम और कन्हैयालाल केस में रही अहम भूमिका

जैसलमेर/राजस्थान। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से बीते दिनों 65 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की गई है। ऐसे में इस बार सरहदी सुरक्षा को देखते हुए भारत-पाक सरहद पर बसे सीमावर्ती जिले जैसलमेर में एक दबंग पुलिस अधिकारी की पोस्टिंग की गई है। यह आईपीएस अधिकारी राजस्थान के हाई-प्रोफाइल मामलों के खुलासों में अपनी अहम भूमिका निभा चुके हैं। सोमवार को जैसलमेर पुलिस अधीक्षक के पद पर दबंग ऑफिसर सुधीर चौधरी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले आईपीएससुधीर चौधरी राजस्थान के कई जिलों में ये पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वही साइबर क्राइम पुलिस मुख्यालय जयपुर में भी पुलिस अधीक्षक के पद पर रह चुके हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सलमान खान को जान से मारने की धमकी का मामला हो ,आसाराम बापू या फिर बहुचर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड । इस अधिकारी ने बखूबी कम समय में इन मामलों का खुलासा किया और आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे तक पहुंचाया है, आईये जानते हैं इनके बारे में।
राजस्थान के हाई प्रोफाइल मामलों में निभा चुके भूमिका
चौधरी ने अपनी राजसमन्द पोस्टिंग के दौरान उदयपुर में हुए प्रदेश के सबसे चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भिजवाया। ये आईपीएस सुधीर चौधरी की ही सूझबूझ थी कि उन्होंने कन्हैयालाल के हत्यारों को देश छोड़िए, प्रदेश से बाहर नहीं जाने दिया। आरोपियों के राजसमंद में होने के इनपुट मिलते ही पूरी पुलिस फोर्स को अलर्ट कर दिया, जगह – जगह सख्त नाकाबंदी करवाई और आखिरकार पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली। वहीं आरोपियों के पाकिस्तान से कनेक्शन के भी सबूत पेश किए थे। जिसके बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय ने डीजीपी डिस्क से भी सम्मानित किया था।




