हॉस्पिटल में गुंडागर्दी मामले में झांसी पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, डॉक्टर और स्टाफ पर किया था जानलेवा हमला

झांसी/उत्तर प्रदेश। झांसी जिले के नवाबाद थानाक्षेत्र में स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में बिल पेमेंट और मरीज के इलाज को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। नवाबाद थानाक्षेत्र में स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में बिल पेमेंट और मरीज के इलाज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रुप ले लिया। ग्राम धमनाखुर्द धवानी की एक महिला मरीज के इलाज के दौरान उनके पुत्र शिवदीप सिंह ने अस्पताल स्टाफ के साथ बदतमीजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और मरीज को डिस्चार्ज करवाया। हालांकि, इसके बाद सोमवार को शिवदीप सिंह 12-13 युवकों के साथ अस्पताल में घुसा और डॉक्टर मंदीप मैडिया पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि 13 युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर फिल्मी स्टाइल में अस्पताल में घुसे और सीधे डॉक्टर के चैंबर में जाकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने ईंट, पत्थर, कांच और चाकू जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया। बीचबचाव करने आए स्टाफ को भी नहीं बख्शा गया। हमले के बाद सभी आरोपी सरेआम फरार हो गए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवदीप सिंह, जयंत सिंह, रितिक कुशवाहा और दीपक शिवहरे को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बिल पेमेंट को लेकर हुए झगड़े के बाद परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ के साथ मारपीट की थी। चार मुख्य आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। डॉ. मंदीप मैडिया ने केस दर्ज कराते हुए बताया कि शिवदीप सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल उनकी पिटाई की, बल्कि अस्पताल स्टाफ को भी निशाना बनाया। पुलिस ने शिवदीप, रितिक, दीपक, मयंक, जयंत और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।




