400-500 करोड़ की नेटवर्थ के दावे पर भड़के अनुपम खेर, बोले- मेरी संपत्ति का 10 प्रतिशत भी नहीं है मेरे पास
अनुपम खेर को दर्शकों का मनोरंजन करते हुए 4 दशक से अधिक समय हो चुका है। फिल्मी करियर को देखते हुए उनकी नेटवर्थ को लेकर गूगल पर जो दावें किए गए हैं, उस पर अभिनेता ने अब खुलकर बात की।

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच अभिनेता ने इंटरनेट पर उनकी संपत्ति को लेकर किए जा रहे दावों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। गूगल पर उनकी नेटवर्थ 400 से 500 करोड़ रुपये तक बताई जाती है, लेकिन अनुपम खेर ने इन आंकड़ों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके पास बताई जा रही संपत्ति का 10 प्रतिशत हिस्सा भी नहीं है।
हाल ही में ‘द अनफिल्टर्ड आवर’ में बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने अपनी आर्थिक स्थिति और जीवनशैली को लेकर कई बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर उनकी नेटवर्थ से जुड़े आंकड़े देखकर लोग उन्हें बेहद अमीर समझ लेते हैं। अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कई बार उनका मन करता है कि ऐसे गलत आंकड़े प्रकाशित करने वालों पर मुकदमा कर दें। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त भी इंटरनेट पर उनकी संपत्ति के दावे देखकर उनसे मजाक करते हैं और कहते हैं कि इतनी दौलत में से उन्हें भी कुछ हिस्सा दे दें।
अनुपम खेर ने यह भी बताया कि लंबे और सफल फिल्मी करियर के बावजूद वह मुंबई में किराए के मकान में रहते हैं। उनके मुताबिक, करीब दस साल पहले उन्होंने किराए के घर में रहने का फैसला किया था। इस निर्णय से उन्हें संपत्ति खरीदने, बेचने और उसके रखरखाव से जुड़ी चिंताओं से मुक्ति मिली। अभिनेता ने कहा कि उनका अपना एक घर शिमला में है, जिसे उन्होंने अपनी मां के लिए खरीदा था। उनका भाई भी किराए के मकान में रहता है और दोनों अपनी व्यवस्था से खुश हैं।
अभिनेता ने मुंबई की अपनी संपत्ति बेचने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी किरण खेर के सांसद बनने के बाद चंडीगढ़ में रहने की व्यवस्था हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई स्थित अपना फ्लैट अभिनेत्री आलिया भट्ट को बेच दिया। अनुपम खेर के अनुसार, इसके बाद उनके पास मुंबई में दूसरी संपत्ति खरीदने की कोई खास वजह नहीं रह गई थी।
किराए के मकान में रहने के फैसले को लेकर अनुपम खेर ने यह भी स्पष्ट किया कि इसका अर्थ यह नहीं है कि उन्होंने अपनी सुख-सुविधाओं से समझौता कर लिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छे रेस्तरां में खाना पसंद है, वह अपनी पसंदीदा जगहों पर घूमते हैं और अच्छे होटलों में ठहरते हैं। उनके मुताबिक, आरामदायक जीवन जीने के लिए खुद की संपत्ति होना जरूरी नहीं है। वह अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से जीवन जीना पसंद करते हैं।
अपनी मां के लिए शिमला में घर खरीदने का किस्सा साझा करते हुए अभिनेता ने बताया कि उनकी मां करीब 60 साल तक किराए के मकान में रही थीं। एक दिन उन्होंने शिमला में अपना घर होने की इच्छा जताई थी। उनकी मां को एक बेडरूम वाला फ्लैट चाहिए था, लेकिन अनुपम खेर ने उनके लिए आठ बेडरूम का घर खरीद लिया। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने यह घर अपनी मां की खुशी और सुविधा को ध्यान में रखकर लिया था।
गौरतलब है कि अनुपम खेर का फिल्मी करियर करीब 44 वर्षों का रहा है। इस दौरान उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी की 500 से अधिक फिल्मों में काम किया है और अपनी अलग पहचान बनाई है। अब वह राजश्री प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आएंगे। फिल्म में वह आयुष्मान खुराना के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज तारीख 27 नवंबर बताई गई है।




