छत्तीसगढ़ में जिसे बताया था डेड, बिहार में लौट आई जान, बुजुर्ग महिला को देख डॉक्टर हैरान!

बेगूसराय/बिहार। बेगूसराय की रहने वाली 72 वर्षीय महिला को छत्तीसगढ़ में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। परिजन जब उसका दाह संस्कार करने के लिए बेगूसराय ला रहे थे तो वह बिहार पहुंचते ही जिंदा हो गई। फिलहाल महिला का इलाज बेगूसराय के सदर अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टर ने इसे चमत्कार मानते हुए कहा कि शायद कोई ब्लॉक होने की वजह से सांस रुक गई होगी। इस वजह से छत्तीसगढ़ में महिला का मृत घोषित किया गया होगा। जब महिला को गाड़ी से बिहार लाया जा रहा था तब शायद कुछ झटके लगने से फिर सांस चलने लगी है। फिलहाल महिला की स्थिति ठीक है। उसका सदर अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
72 वर्षीय रामरती देवी को कोरबा में किया मृत घोषित
मामला बेगूसराय जिले के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले दीनो साह की पत्नी रामरती देवी (72 वर्षीय) अपने बेटे के पास छत्तीसगढ़ के कोरबा में रह रही थीं। बीते रविवार को रामरती देवी की तबीयत अचानक बिगड़ी तो उसे कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान वहां के डॉक्टर ने सोमवार की रात रामरती देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजन उसे स्कार्पियो से अपने गांव बेगूसराय के लिए चल पड़े। रास्ते में औरंगाबाद के आसपास जब महिला के बेटे मुरारी ने मां के शव को एक बार फिर हाथ लगाया तो शरीर में कुछ हलचल महसूस हुई। इसके बाद वहां से भागे-भागे परिजन बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे। आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां रात से उसका इलाज चल रहा है।
अब रामरती देवी की हालत में काफी तेजी से सुधार हो रहा है। वह आंखें खोल कर अपने पुत्र सहित अन्य परिजनों को देख रही है। बिट्टू कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में दादी की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत्यु घोषित कर दिया। इसके बाद वह दादी का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए बेगूसराय गांव आ रहे थे। लेकिन रास्ते में हलचल होने के बाद जब शरीर में गर्माहट महसूस हुई तो सांस चेक किया गया, सांस भी चल रहा था। इसके बाद बेगूसराय लाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में सदर अस्पताल के आईसीयू में इलाज कर रहे डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि कल रामरती देवी को सदर अस्पताल लाया गया। छत्तीसगढ़ में वहां सांस रुकने की बात कहने पर यह लोग अंतिम संस्कार के लिए स्कॉर्पियो से घर आ रहे थे। रास्ते में शरीर में हलचल महसूस हुई। यहां आते ही आईसीयू में शिफ्ट किया गया। अभी सब कुछ नॉर्मल है, प्रयास कर रहे हैं कि पूरी तरह से ठीक हो जाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button