धंधा करती हो, गांव से निकाल देंगे’…नाबालिग लड़की और महिला को पीटा, बाल काटे; गलियों में घसीटा

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर दबंगों ने एक नाबालिग लड़की और महिला के साथ दरिंदगी की। दबंगों ने महिलाओं के चरित्र को लेकर सवाल उठाए। आरोपियों ने उनकी बेरहमी के साथ पिटाई की। इसके बाद बाल काट दिए।

दोनों महिलाओं को गलियों में घसीटते हुए ग्राम प्रधान के घर ले गए। मामला कुबेरस्थान थाना एरिया का बताया जा रहा है। दबंगों ने महिलाओं को बदचलन कहा। आरोपी महिलाओं के साथ दरिंदगी करने के बाद भी नहीं माने। महिलाओं को गांव से बाहर निकाल देने की धमकी भी दी गई।

चरित्र पर शक था, इसलिए की दरिंदगी

नाबालिग लड़की और महिला एक-दूसरे की पड़ोसी हैं। गांव के कुछ लोगों को उनके चरित्र पर शक था। इन लोगों ने दूसरों को भड़का दिया। रात को मौका देख ये लोग महिलाओं के घर आ डटे। जिसके बाद दोनों के साथ बर्बरता की गई। बाद में आरोपी महिलाओं को घसीटते हुए ग्राम प्रधान के घर पर ले गए।

यहां भी दोनों महिलाओं के साथ बर्बरता जारी रही। इन लोगों ने महिलाओं के बाल काट दिए। इसके बाद भीड़ ने महिलाओं को फरमान सुनाया कि अगर वे नहीं सुधरीं, तो गांव से बाहर निकाल दिया जाएगा।

पुलिस ने नाबालिग की मां की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ जांच शुरू की है। कुबेरस्थान थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो लोगों को अरेस्ट भी कर लिया है। कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह ने मामले में बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अभी दो लोगों को काबू किया गया है। काबू आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button