दुर्ग जिले में दो गाड़ी से 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी पकड़ी
सीट और डिग्गी में छिपाए थे 6 करोड़ 60 लाख रुपये

दुर्ग/छत्तीसगढ़। दुर्ग जिले में दो गाड़ी से 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी पकड़ी गई है। पुलिस ने कुम्हारी के पास जब दो स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो उसकी आंखे फटी रह गईं। गाड़ियों से करीब 6 करोड़ 60 लाख रुपए कैश मिले हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों गाड़ी महाराष्ट्र पासिंग है। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र से बड़ी रकम छत्तीसगढ़ आने वाली है। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई के लिए चेकिंग अभियान चलाया था।
पुलिस ने शक के आधार पर दोनों गाड़ियों को रोककर जांच की, इस दौरान कार की सीट और डिग्गी में कैश रखा था। कैश को गिनने के लिए मशीन लगाई गई। यह पैसा कहां से आ रहा था और कहां खपाने की तैयारी थी इसके बारे में पुलिस ने जानकारी नहीं दी है। दोनों गाड़ियों में सवार 4 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सारे पैसे बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी। आयकर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है कि यह पैसा किसका है और कहां से आ रहा था। हालांकि गाड़ी में तलाशी के दौरान जैसे ही नोटों के बंडल निकले पुलिसकर्मी हैरान रह गए।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया है। पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त टीम इस पैसे के बारे में जानकारी जमा कर रही है। कार से इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद आयकर विभाग को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को हिरासत में लिया है। जिन युवकों को हिरासत में लिया गया है उनसे पूछताछ की जा रही है।
एएसपी ने कहा- इतनी बड़ी रकम चुनावी माहौल या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल हम सबूत जमा कर रहे हैं उसके आधार पर ही खुलासा होगा कि यह पैसे कहां से आए थे और कहां भेजे जाने थे।




