पिछले 72 घंटे से विद्युत आपूर्ति को लेकर किसानों ने किया पावर हाउस का घेराव

सत्येंद्र शुक्ला,(फतेहपुर/उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जिले में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था अत्यंत दयनीय है। खासकर ग्रामीण इलाकों में बिजली की कटौती अत्यधिक की जा रही है। सरकार एवं प्रशासन के लाख दावों के बावजूद भी जिले की विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं हो पाया है। जिससे जिले एवं क्षेत्र के लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते जिले के किशनपुर कस्बे में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर किसानों ने घेराव कर धरना दिया। किसानों का कहना है कि पिछले 72 घंटों से बिजली ना आने के कारण धान की फसल खराब हो रही है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर उपकेंद्र के द्वारा क्षेत्र में विद्युत संचालित क्षेत्र को बदलकर दूसरी तरफ से कर दिया गया है जिससे रोजाना विद्युत खंभे का गिरना एवं तार के टूटने की समस्या आए दिन बनी रहती है। इस समस्या के बारे में किसानों ने कई बार जय को सूचना दी मगर जे द्वारा उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया। जिस पर मजबूर होकर किसानों ने पावर हाउस का घेराव कर धरना दिया। धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव छोटू सिंह परिहार समेत ग्राम प्रधान एवं सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।



