नोएडा में पुलिस मुठभेड़: दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली, 94 मुकदमों का रिकॉर्ड

नोएडा में गुरुवार देर रात पुलिस की 2 बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-39 थाना पुलिस की गुरुवार देर रात सेक्टर-43 में दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, तमंचा और 2.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश दिल्ली अपराध शाखा के भी वांछित थे।
नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा निवासी सलमान (30) और तनवीर (37) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कुल 94 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों दस से अधिक बार जेल जा चुके हैं।
पुलिस का दावा है कि सलमान और तनवीर लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे और अब तक सैकड़ों चोरी, लूट तथा चेन झपटमारी की वारदात कर चुके हैं। दोनों पांचवीं कक्षा तक पढ़े हैं और दिन में एसी तथा गाड़ियों की मरम्मत का काम करते थे, जबकि रात में चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों चोरी की बाइक से रात में निकलते थे और राह चलते लोगों को निशाना बनाकर चेन झपटमारी तथा लूट करते थे। वारदात के दौरान वे टी-शर्ट के ऊपर एक शर्ट पहनते थे। घटना के बाद पहचान छिपाने के लिए शर्ट उतारकर रास्ते में फेंक देते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करना मुश्किल हो।
जांच में सामने आया कि सितंबर में दोनों ने सेक्टर-39 थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी की और इसके बाद सेक्टर-44 में एक महिला से चेन झपट ली। वारदात के बाद उन्होंने बाइक रास्ते में छोड़ दी और दूसरी बाइक चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों ने इसी तरीके से छह बाइक चोरी कीं और अलग-अलग स्थानों पर छोड़ते गए। इसके बाद ई-रिक्शा से दिल्ली भाग गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सलमान के खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने और गिरोहबंद कानून के तहत 49 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, तनवीर के खिलाफ वर्ष 2006 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का रिकॉर्ड मिला है। उसके खिलाफ लूट, चोरी और अन्य अपराधों के 45 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों कई बार जेल जा चुके हैं, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद दोबारा आपराधिक वारदातों में सक्रिय हो जाते थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पूर्व की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button