गाजियाबाद में प्लॉट विवाद ने लिया खूनी रूप, हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या
गाजियाबाद में प्लॉट के विवाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाने के पास शुक्रवार को प्लॉट के विवाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक के साथियों ने कथित आरोपी राहुल साहनी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद हुई मारपीट में आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आयुष को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना जीटी रोड पर एमएमएक्स मॉल के सामने साहिबाबाद थाने के पास स्थित एक पुराने बैंक्वेट हॉल की जमीन पर हुई। बताया जाता है कि कुछ समय पहले इस परिसर में प्लॉटिंग की गई थी। हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी की पत्नी के नाम पर भी यहां एक प्लॉट है। पिंकी चौधरी ने यह प्लॉट नोमिता शर्मा से खरीदा था। आरोप है कि नोमिता प्लॉट के बराबर स्थित ग्रीन बेल्ट को अपनी जमीन बताती थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
प्लॉट की देखरेख की जिम्मेदारी दिल्ली के गोकुलपुरी निवासी हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष को दी गई थी। शुक्रवार को पिंकी चौधरी का बेटा सूर्या अपने कुछ साथियों के साथ प्लॉट पर काम करा रहा था। इसी दौरान नोमिता शर्मा का परिचित राहुल साहनी वहां पैमाइश करने पहुंचा। जमीन की नापजोख को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सूर्या का आरोप है कि इसी दौरान राहुल ने रिवॉल्वर से गोली चला दी, जो आयुष के सीने में लगी। गोली लगने से आयुष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद सूर्या और उसके साथियों ने राहुल को पकड़ लिया, उसकी रिवॉल्वर छीन ली और उसकी पिटाई कर दी।
उधर, राहुल साहनी का कहना है कि वह जमीन की पैमाइश कराने पहुंचा था। इसी दौरान सूर्या और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। राहुल के अनुसार, हमलावरों ने उसकी रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया, इसी दौरान ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। उसने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसका एक पैर टूट गया।
घटना की सूचना मिलते ही साहिबाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राहुल का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मौके से रिवॉल्वर बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि आयुष की गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस जमीन के विवाद, गोली चलने की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।




