दिल्ली की मुसीबत अभी नहीं घटने वाली, पहाड़ों से आफत बनकर आएगा बारिश का पानी

नई दिल्‍ली। बाढ़ से जूझ रही दिल्ली को जल्द राहत नहीं मिलने वाली। एक तरफ यमुना का पानी घटने लगा है। दूसरी तरफ, पहाड़ों पर भारी बारिश का अनुमान डरा रहा है। सोमवार को यमुना का जलस्तर कुछ घंटों के लिए बढ़ा था, पर फिर घटने लगा है। दिल्‍ली में यमुना अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पर्वतीय राज्यों में बारिश का असर यमुना के पानी पर दिखेगा। अनुमान है कि 3-4 दिन में दिल्ली पर पहाड़ों की बारिश का प्रभाव दिखने लगेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिन उत्‍तर भारत में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। नतीजा गंगा-यमुना समेत पहाड़ों से निकलने वाली अन्य नदियों के जलस्तर में और बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में मंगलवार को मध्‍यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में इस पूरे हफ्ते बारिश होगी। मौसम विभाग ने 22-23 जुलाई को दिल्‍ली में भारी बारिश की आशंका जताई है।
दिल्‍ली में मंगलवार को बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है जिससे दिन के वक्त तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी दिल्‍ली में ऐसा ही मौसम रहेगा। 20-21 जुलाई को दिल्‍ली में हल्की बारिश का अनुमान है। 22 और 23 जुलाई को मौसम विभाग ने भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की है।
सेंट्रल वाटर कमिशन के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि यमुना के जल स्तर में बढ़ोत्तरी अस्थायी है। अभी लोकल वजहों से पानी के स्तर में इजाफा हुआ है। हथिनीकुंड बैराज से पानी की निकासी बहुत कम हो रही है। जलस्तर बढ़ने की वजह स्थानीय बारिश और नालों का पानी भी है। दिल्ली में नदी किनारे नाले और सीवर में भी पानी भर गया है, जिससे रिहायशी इलाकों में पानी चला गया। बारिश ठीक ठाक हो गई, तो फिर से जलभराव और परेशानियों का दौर आ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button