दिल्ली में फर्जी पासपोर्ट गिरोह का भंडाफोड़, गैंग के 7 बदमाशों गिरफ्तार

Fake passport gang busted in Delhi, 7 gangsters arrested

नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरोह फर्जी नामों से गैंगस्टरों और अपराधियों के फर्जी पासपोर्ट बनाकर उन्हें विदेश भेजने में शामिल था। गिरफ्तार आरोपितों में नीरज बवाना गिरोह का गैंगस्टर और गिरोह का मुख्य सरगना भी शामिल है। इनके कब्जे से छह फर्जी पासपोर्ट, बैंकों और अन्य संस्थानों की 12 मोहरें, 12 मोबाइल फोन, दो लैपटाप, दो सीपीयू, आधार, वोटर आइडी, पैन के लगभग एक हजार खाली और भरे हुए पीवीसी कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपितों की पहचान लखनऊ निवासी सरगना निशांत कुमार सक्सेना, सुफियान, अतुल कुमार, उसामा जफर, हरियाणा के जींद निवासी सुखदीप सिंह, नीरज बवाना गिरोह के बदमाश मोनू उर्फ आर्यन और पंजाब के हिस्ट्रीशीटर हरपाल सिंह के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार सैन के मुताबिक, आरोपितों को पकड़ने के लिए टीम ने नकली ग्राहक को फर्जी पहचान का उपयोग करके नया पासपोर्ट तैयार करने के लिए लगाया था। निशांत कुमार ने एजेंट सूफियान और अन्य सिंडिकेट सदस्यों के साथ मिलकर फर्जी ग्राहक के आधार कार्ड, वोटर आइडी कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र आदि फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
इसके बाद, इन फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके उन्होंने नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया और पासपोर्ट सेवा केंद्र के कर्मचारियों की मदद से अवैध तरीकों का उपयोग करके सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। टीम को पता चला कि यह सिंडिकेट सुनियोजित योजना और साजिश के तहत फर्जी पहचान, विवरण आदि पर अपराधियों और अन्य लोगों के पासपोर्ट तैयार करने में शामिल है। इसलिए क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई। गिरोह को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर मनमीत मलिक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। फर्जी पासपोर्ट की डिलीवरी 25 फरवरी के लिए तय की गई थी।
उसी दिन लखनऊ में निशांत सक्सेना के कार्यालय में छापा मारा गया और उससे फर्जी ग्राहक का पासपोर्ट बरामद करने के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा उसके कार्यालय और घर से 5 फर्जी पासपोर्ट, दो सीपीयू, दो मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। इसकी बाद आरोपित की निशानदेही पर सुफियान, अतुल कुमार, सुखदीप सिंह, उसामा जफर, नीरज बवाना गिरोह के एक बदमाश मोनू उर्फ आर्यन और पंजाब का हिस्ट्रीशीटर हरपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आरोपितों से बरामद डेटा से कई अपराधियों की पहचान की गई है, जिन्होंने अपने फर्जी पासपोर्ट तैयार कर लिए थे।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह न्यायिक कार्यवाही से बचने के लिए गैंगस्टर/अपराधियों/वांछितों/पैरोल जंपर्स/कानूनी कार्यवाही में फंसे अन्य लोगों के पासपोर्ट फर्जी नामों से तैयार कर उन्हें विदेश भेजने का काम कर रहे थे। वे फर्जी नाम, फर्जी पिता का नाम और फर्जी पता का उपयोग करके फर्जी आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड बनाते थे।
फिर लखनऊ में पासपोर्ट कार्यालयों में अपने लिंक के माध्यम से, वे फर्जी पहचान का उपयोग करके पासपोर्ट तैयार करते थे। पूछताछ में सरगना निशांत ने बताया कि वह पंजाब के लुधियाना के एक व्यक्ति गुरविंदर सिंह का फर्जी पासपोर्ट तैयार करने और उसे दुबई भेजने में भी शामिल रहा है। उपरोक्त गुरविंदर सिंह को अमेरिका द्वारा निर्वासित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button