बेटे की चाह में यमुना ब्रिज से 4 साल के बच्चे को अगवा कर हुआ फरार

नई दिल्ली। आईपी एस्टेट स्थित यमुना ब्रिज के पास घर के बाहर खेल रहे एक चार साल के मासूम बच्चे को बाइक सवार बदमाश अगवा कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 घंटे के अंदर आरोपी को आली गांव मथुरा रोड से धर दबोचा। बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। वहीं, गिरफ्तार बदमाश की पहचान आली गांव निवासी 38 वर्षीय जगत पाल के तौर पर हुई है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई है।
डीसीपी संजय कुमार सेन ने बताया कि 30 जून की शाम करीब 5:30 बजे आईपी एस्टेट पुलिस को एक चार साल के बच्चे को यमुना ब्रिज विकास मार्ग से बाइक चालक द्वारा अपहरण करने की कॉल आई थी। तुरंत एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता रेनी वेल नंबर 7 हाथी घाट यमुना खादर निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि उनका चार साल का बेटा, उनके 12 साल के बेटे सद्दाम के साथ यमुना ब्रिज के पास खेल रहा था। तभी बाइक सवार शख्स आया और बच्चे को लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फिर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को आली गांव मथुरा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से बच्चे को भी बरामद कर लिया गया। बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
डीसीपी सेन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि पिछले छह महीने से वह रोजाना एक कंपनी के कृष्णा नगर स्थित गोदाम जाता था, जहां उसका काम गोदाम की सिक्योरिटी करना था। आरोपी ने यह बताया कि उसकी 13 वर्ष और सात वर्ष की दो बेटियां हैं और वह हमेशा से एक बेटा चाहता था, इसलिए वह यमुना ब्रिज के किनारे खेल रहे लड़के को अपने साथ ले आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button