सीबीआई ने मनीष सिसोदिया समेत 15 लोगों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

नयी दिल्ली। दिल्ली आबकारी नीति मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई ने शुक्रवार को मनीष सिसोदिया के आवास समेत दिल्ली एनसीआर में 21 स्थानों पर छापेमारी की। एक अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने कथित आबकारी घोटाले में अपनी एफआईआर में मनीष सिसोदिया समेत 15 आरोपियों का नाम शामिल किया है। जिसमें मनीष सिसोदिया का नाम सबसे ऊपर है।आबकारी अधिकारियों, शराब कंपनी के अधिकारियों, डीलरों के साथ-साथ अज्ञात लोक सेवकों और निजी व्यक्तियों के नाम मामले में दर्ज किया गया। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर शुक्रवार सुबह सीबीआई की दबिश शुरू होते ही लुटियन की दिल्ली छावनी में तब्दील रही। दिल्ली पुलिस को आशंका थी कि आप कार्यकर्ता व समर्थक नई दिल्ली में आकर भाजपा नेताओं व कार्यालय पर हंगामा कर सकते हैं। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी केन्द्रीय मंत्रियों, डीडीयू मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय व पंडित पंत मार्ग स्थित दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय की सुरक्षा बढ़ी दी थी। नई दिल्ली शुक्रवार को पूरे दिन छावनी में तब्दील रही।

सीबीआई रेड के चलते दिल्ली पुलिस को लग रहा था कि आप कार्यकर्ता व समर्थक नई दिल्ली में हंगाम व विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसे देखते हुए नई दिल्ली जिले के सीनियर पुलिस अधिकारियों के ओर से शुक्रवार सुबह ही सभी थानाध्यक्षों को वायरलैस पर नई दिल्ली की सुरक्षा बढ़ाने का मैसेज दे दिया गया था। सभी थानाध्यक्षों को थानों में रहने के लिए कहा गया। नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी केन्द्रीय मंत्रियों व भाजपा नेताओं के आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। उनके आवास के चारों तरफ बेरीकेड़ लगाकर सुनहरी लेन व अन्य मार्गों को बंद कर दिया गया था।

प्रधानमंत्री आवास की चारों से सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। यहां पर कई मार्गों को बंद कर दिया गया था। सड़कों पर जगह-जगह बेरीकेड लगा दिए थे, ताकि किसी भी स्थित से निपटने के लिए मार्गों को बंद किया जा सके। हालांकि कुछ मार्गों को छोड़कर ज्यादातर मार्गों पर वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार केन्द्रीय मंत्रियों के आवासों के पास 10 से 15 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। सभी बेरीकेड लगाकर घेराबंदी कर दी गई थी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर भी बाहरी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर सीबीआई छापेमारी के विरोध में आप समर्थकों ने प्रदर्शन किया। समर्थकों ने केंद्र के खिलाफ नारेबाजी कर छापेमारी का विरोध जताया। प्रदर्शन बढ़ने पर पुलिस ने समर्थकों को हिरासत में ले लिया। वहीं, भीड़ को दौड़ा कर मौके से तितर बितर कर दिया।मथुरा रोड स्थित उपमुख्यमंत्री के आवास पर सीबीआई के पहुंचने के बाद सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। हालांकि, पुलिस ने आवास के बाहर रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर समर्थकों को रोक दिया था। पुलिस अधिकारियों ने समर्थकों को धारा 144 का हवाला देते हुए प्रदर्शन करने से मना किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग के पास पहुंच गए। इस बीच पुलिस ने बल का प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को भगवानदास रोड की ओर दौड़ा दिया। वहीं, प्रदर्शन स्थल से हटने के लिए तैयार नहीं प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

उपमुख्यमंत्री के आवास पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, रोड पर मीडिया का जमावड़ा लगा रहा। सुरक्षा के लिहाज से मथुरा रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सर्विस रोड को बंद कर दिया। ऐसे में किसी भी अंजान शख्स को रोड से निकलने की अनुमति नहीं थी। वहीं, छुट्टी का दिन होने के कारण हाई कोर्ट बंद था। ऐसे में अन्य दिनों के मुकाबले सिसोदिया के आवास पर चहलकदमी कम रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button