दिल्ली में तड़के एनकाउंटर में गोगी गैंग के दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। शनिवार की तड़के रोहिणी सेक्टर-24 के बुद्ध विहार थाना क्षेत्र में विशेष पुलिस टीम की गोगी गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधियों से जमकर मुठभेड़ हुई। इसके साथ ही पुलिस ने गौ रक्षक दल के एक प्रमुख सदस्य के निवास पर किए गए हमले को नाकाम कर दिया।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बांके बिहारी मंदिर के पास सुबह करीब 2:40 बजे एक सफेद स्विफ्ट कार को रोका। इसी बीच संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, जिनकी पहचान लल्लू (उर्फ आशरू), इरफान और नितेश के रूप में की गई है। कथित तौर पर गैंग का दबदबा स्थापित करने के लिए निवास पर गोलीबारी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि लल्लू (23 वर्ष) गोगी गैंग का सहयोगी और नस्सरू गैंग का मुखिया है। उसने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक हिंसक हमले का वीडियो प्रसारित किया था ताकि लोगों पर धौंस जमा सके। जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवारों ने भागने की कोशिश में पुलिस की बोलेरो गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद संदिग्ध कार से उतरे और पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
इस हमले का पुलिस ने त्वरित जवाब दिया। इस गोलीबारी में पुलिस ने छह राउंड फायर किए जबकि आरोपियों ने 6-7 राउंड दागे। दो संदिग्धों लल्लू और इरफान (21 वर्ष) को पैरों में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, नितेश को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दो अन्य संदिग्ध रिठाला के पास गंदा नाला के निकट दीवार फांदकर भाग निकले।
पुलिस ने बताया कि लल्लू पर पांच जघन्य मामले दर्ज हैं। इसमें दो हत्या के प्रयास और दो डकैती के मामले शामिल हैं। उसके पास से एक अत्याधुनिक हथियार बरामद किया गया है। वहीं, इरफान, लल्लू का करीबी सहयोगी है। उस पर दो हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। इसके पास से भीएक अत्याधुनिक हथियार बरामद किया गया है। वहीं, नितेश (30 वर्ष) पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। उसके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है। इन सब पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button