फुटपाथ पर कूड़े का ढेर, जान जोखिम में डालकर चल रहे लोग
Pile of garbage on the footpath, people walking risking their lives

गाजियाबाद। साहिबाबाद के ट्रांस हिंडन के अधिकांश इलाकों में सड़कों के किनारे लोगों के चलने के लिए बनाए गए फुटपाथ कूड़े से घिरे हैं। इससे लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है। सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
नगर निगम से कई बार शिकायत करने के बाद भी लोगों को कूड़े की समस्या से राहत नहीं मिल रही है। ट्रांस हिंडन के सौर ऊर्जा मार्ग, वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, साहिबाबाद, कड़कड़ मॉडल, भोपुरा समेत तमाम इलाकों में सड़कों के किनारे कूड़ा पड़ा हुआ है।
लोगों का आरोप है कि कूड़ा डालने के बाद कई दिनों तक उसे उठाया नहीं जाता है। इससे कूड़े से दुर्गंध आती रहती है। यहां से गुजरने वाले लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। घर से बाहर निकलते ही कूड़े का सामना करना पड़ता है।
जगह-जगह पड़े कूड़े से दुर्गंध आ रही है। साथ ही फुटपाथ की जगह सड़क पर चलना पड़ता है। वसुंधरा सेक्टर 8 में सड़क के किनारे भी कूड़े का कब्जा है। शिकायत के बाद भी कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। कूड़े की समस्या से सिर्फ सड़क पर चलते वक्त ही नहीं जूझना पड़ता है। बल्कि घरों के अंदर रहते हुए भी लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जब कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठता है तो घरों के अंदर भी बदबू आती है। वैशाली सेक्टर 6 के अरविंद ने बताया कि बदबू के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।




