महाराष्ट्र में बारिश ने मचाया हाहाकार, पुणे में 4 लोगों की मौत

महाराष्ट्र डेस्क। महाराष्ट्र में मॉनसून ज्यादा मेहरबान हो गया है। भारी बारिश के कारण मुंबई का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई को पानी आपूर्ति करने वाली तीन झील पूरी तरह लबालब हो चुकी है। बीएमसी ने बताया कि मुंबई की विहार झील से गुरुवार सुबह लगभग 3:50 बजे पानी ओवरफ्लो होने लगा। इसके अलावा अतिवर्षा के कारण पुणे के कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। ठाणे, पालघर और रायगढ़ समेत प्रदेश के कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुणे में चार लोगों की मौत हो गई।पुणे में खडकवासला बांध के ओवरफ्लो होने के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई, जिसके कारण लोगों को निकालना पड़ा। सिंहगढ़ रोड, आनंद नगर, एकता नगर और विट्ठल नगर के अलावा मुथा नदी के किनारे बसे वारजे और शिवाने में भारी बारिश के बाद घरों में पानी घुस गया। अचानक आई बाढ़ के कारण गुरुवार सुबह लोग अपने ही घर में कमर तक पानी में फंस गए। मुला-मुथा नदी के किनारे के विश्रांतवाड़ी इलाकों के घरों में भी पानी भरने सूचना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खड़कवासला से पानी छोड़ने के कारण गुरुवार सुबह 3 बजे के आसपास जल स्तर में अचानक उछाल आया। इस बारे में जल संसाधन विभाग या पुणे नगर निगम (पीएमसी) अधिकारियों ने अलर्ट भी जारी नहीं किया था।
दीवार गिरने और पेड़ गिरने की कई घटनाएं
भूस्खलन के कारण एक और व्यक्ति की मौत हो गई। स्कूल बंद कर दिए गए और कुछ परिवहन सेवाएं बाधित हो गईं। दीवार गिरने और पेड़ गिरने की कई घटनाएं हुईं, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पुणे शहर और घाट क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रायगढ़-पुणे मार्ग के तमहिनी घाट पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि मलबा साफ होने तक इस घाट मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।
स्कूलों को 25 जुलाई को बंद रखने का आदेश
पुणे के जिला कलेक्टर सुहास दिवसे ने बताया कि भारी बारिश और जलभराव के कारण खड़कवासला क्षेत्र, भोर, वेल्हा, मावल, मुलशी, हवेली तालुका और पुणे शहर और पिंपरी चिंचवाड़ क्षेत्र के स्कूलों को 25 जुलाई को बंद रखने का आदेश दिया है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि गुरुवार सुबह 6 बजे से खड़कवासला बांध से लगभग 40,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। साथ ही, पुणे शहर के निचले इलाकों में जलभराव की संभावना है। कलेक्टर ने लोगों से सतर्क रहने और घरों में रहने की अपील की है।
एयर इंडिया ने जारी किया अपडेट
एयर इंडिया ने मुंबई में बारिश के मद्देनजर अपडेट जारी किया है। ट्वीट में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण मुंबई आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट के लिए जल्दी निकलें, क्योंकि धीमी गति से यातायात और जलभराव के कारण उड़ान में देरी हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button