महाराष्ट्र में 68 लाख ‘लाडकी बहिन योजना’ अकाउंट बंद, सरकार ने की कार्रवाई

कांती जाधव/महाराष्ट्र ब्यूरो। महाराष्ट्र में ई-केवाईसी नियमों का पालन नहीं करने पर 68 लाख ‘लाडकी बहिन’ खाते को बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार की प्रमुख योजना ‘लाडकी बहिन योजना’ के तहत लगभग 68 लाख खाते बंद कर दिए गए हैं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि लाभार्थी तय समय सीमा से पहले अनिवार्य ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए।
इसके बाद सक्रिय खातों की संख्या घटकर लगभग 1.75 करोड़ रह गई है। हालांकि ई-केवाईसी पूरी करने की समय सीमा को फिलहाल बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया है। जो कि पहले 31 मार्च थी। अधिकारियों ने इस अपडेट के बाद कहा कि अगर बंद किए गए खातों का ई-केवाईसी पूरा होता है तो कुल खातों की संख्या में बदलाव आ सकता है।
प्रक्रिया के बारे में अधिक जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि, कुल 2.43 करोड़ खातों में से लगभग 68 लाख खाते बंद कर दिए गए हैं, क्योंकि उन्होंने तय समय सीमा के अंदर अनिवार्य ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की। राज्य सरकार की ओर से यह सत्यापन अभियान कई शिकायतें मिलने के बाद चलाई गई थी।
बता दे कि इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये का भत्ता सरकार की ओर से मिलता है। इसके लिए राज्य सरकार हर महीने लगभग 3,700 करोड़ रुपये बांटती है। सक्रिय खातों की संख्या में कमी आने से साल 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 26,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। जबकि 2025-26 में यह राशि 36,000 करोड़ रुपये थी। इस योजना को साल 2024 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले शुरू किया गया था।




